यूसीसी क्रियान्वयन में देहरादून ने रचा कीर्तिमान, सभी विभागीय कर्मचारियों का 100% नामांकन पूर्ण

देहरादून ,
राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में राजधानी देहरादून ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है। जनपद के सभी विभागीय कर्मचारियों का यूसीसी पोर्टल पर शत-प्रतिशत नामांकन सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन द्वारा सख्त निगरानी और प्रभावी कार्ययोजना के तहत यह लक्ष्य निर्धारित समयावधि में हासिल किया गया। विभागीय कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई।

ट्रेजरी डेटा के अनुसार जनपद देहरादून में कुल 26,049 विभागीय कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से 7,263 कर्मचारियों का विवाह 26 मार्च 2010 के बाद संपन्न हुआ है। ऐसे सभी पात्र कर्मचारियों ने यूसीसी के अंतर्गत अपना अनिवार्य नामांकन पूर्ण कर लिया है।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों और प्रशासनिक प्रतिबद्धता के चलते जनपद में सभी विभागीय कर्मचारियों का 100 प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि व्यापक प्रचार-प्रसार और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप अब तक यूसीसी पोर्टल के माध्यम से 60 हजार से अधिक विवाह पंजीकरण सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *