हल्द्वानी ,
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अर्द्धसैनिक बलों के जवानों के सम्मान और कल्याण के लिए ऐतिहासिक घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य में शहीद होने वाले अर्धसैनिक बलों – CRPF, BSF, ITBP आदि – के जवानों के परिजनों को मिलने वाली आर्थिक सहायता 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी जाएगी।
काठगोदाम में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम धामी ने कहा कि अर्द्धसैनिक बल देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और राज्य सरकार उनके बलिदान को सदैव सम्मान देगी।
वीर बलिदानियों की स्मृति में बन रहे स्मारक
सीएम धामी ने बताया कि दस वीर बलिदानियों की स्मृति में स्मारक की स्वीकृति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सैनिकों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि भारत अब रक्षा सामग्री का आयात ही नहीं, बल्कि 30 हजार करोड़ रुपये का निर्यात भी कर रहा है, जो जल्द ही 50 हजार करोड़ को पार करेगा।
कार्यक्रम में महापौर गजराज सिंह बिष्ट, पूर्व डीजी एचआर सिंह, नेशनल कोआर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन एमएल वर्मा, सेक्टर आईजी भानुप्रताप सिंह, डीआईजी शंकर पांडे, पूर्व डीसी व प्रदेश उपाध्यक्ष मनोहर सिंह नेगी, उत्तराखंड अध्यक्ष एसएस कौटियाल, पूर्व डीसी डीएस बोहरा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पिता को याद कर भावुक हुए सीएम
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान सीएम धामी अपने पिता को यादकर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बचपन में वह पिता के साथ सेना के बड़े खाने में जाते थे और वहीं से अनुशासन, कर्तव्यबोध और अनुभव का सीखना शुरू हुआ।
उन्होंने कहा कि बलिदानी सैनिकों के लिए उनके मन में हमेशा विशेष संवेदनशीलता और सम्मान रहता है।
पूर्व अर्द्धसैनिकों ने कार्यक्रम में CGHS अस्पताल के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर सीएम धामी ने प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर भूमि चयन के निर्देश दिए।
सीएम धामी की प्रमुख घोषणाएँ
1. वीरता पदक वालों को सहायता
-
भविष्य में President Police Medal – Gallantry से अलंकृत होने वाले अर्द्धसैनिक को एकमुश्त 5 लाख रुपये की अनुदान राशि दी जाएगी।
2. संपत्ति खरीदने पर छूट
-
पूर्व अर्द्धसैनिक एवं वीर नारियों को, यदि उनके पास अपनी अचल संपत्ति नहीं है, तो जीवन में एक बार संपत्ति खरीदने पर स्टांप शुल्क में 25% तक छूट मिलेगी।
3. कल्याण परिषद क्रियाशील होगी
-
उत्तराखंड राज्य अर्द्धसैनिक बल कल्याण परिषद को सक्रिय किया जाएगा।
-
इसके लिए पुलिस मुख्यालय में एक कार्यालय कक्ष आवंटित किया जाएगा।
4. नए पदों की स्वीकृति
-
सैनिक कल्याण निदेशालय में उपनिदेशक (अर्द्धसैनिक)
-
बड़े जिलों में सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (अर्द्धसैनिक)
इन पदों को मंजूरी मिलेगी और इनमें पूर्व अर्द्धसैनिकों की संविदा पर नियुक्ति होगी।
5. शादी अनुग्रह राशि
-
अर्द्धसैनिक बल के जवानों के बच्चों को भी सैनिकों के बच्चों की तरह विवाह अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।
6. CGHS भवन के लिए जमीन चयन
-
सीएम ने जिलाधिकारी को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर भूमि चयन करने को कहा।
राजनीतिक टिप्पणी — “झूठे नारों को जनता ने नकारा”
सीएम धामी ने कहा कि हाल के चुनावों में जनता ने झूठे बयानों और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को नकार दिया है।
उन्होंने दावा किया कि देश के कई राज्यों में विकास के नाम पर भाजपा की सरकारें बन रही हैं और विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए ठोस मुद्दे नहीं हैं।
नक्सलवाद खत्म करने में CRPF का योगदान — गणेश जोशी
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नक्सलवाद को खत्म करने का श्रेय मुख्य रूप से CRPF को जाता है।
उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है।
राज्य सरकार ने बलिदानी सैनिकों के बच्चों को नौकरी के आवेदन की समय सीमा 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष कर दी है, जिससे छोटे बच्चों वाले परिवारों को राहत मिलेगी।
वीर नारियों का सम्मान
कार्यक्रम में BSF के असिस्टेंट कमांडेंट सुधीर कुमार (कश्मीर सेवा के बाद बलिदान) की वीर नारी गीतांजलि बमेठा
और CRPF एएसआई हीरा बल्लभ भट्ट (पराक्रम पदक से सम्मानित) की वीर नारी समता भट्ट को सीएम धामी ने सम्मानित किया।