71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में CM धामी हुए शामिल — प्रो. यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार से श्रीकृष्ण पांडेय सम्मानित
‘बाल भिक्षावृत्ति निर्मूलन’ और ‘निस्सहाय मनोरोगियों की सेवा’ में योगदान के लिए मिला सम्मान
देहरादून,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रो. यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार से गोरखपुर के श्री श्रीकृष्ण पांडेय को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि श्री पांडेय ने ‘बाल भिक्षावृत्ति निर्मूलन’, ‘निस्सहाय मनोरोगियों की सेवा’ और ‘कारागार बंदियों के पुनर्वास’ के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए ABVP पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि वे स्वयं भी विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रूप में छात्रों के बीच सक्रिय रहे हैं। उस अनुभव ने उन्हें नेतृत्व, संगठन और समाजसेवा की गहन समझ दी। उन्होंने कहा कि यही मूल्य और आदर्श उनके सार्वजनिक जीवन की आधारशिला हैं और प्रतिदिन सेवा-पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ABVP का यह राष्ट्रीय अधिवेशन कोई साधारण आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण के पवित्र यज्ञ के प्रति समर्पित ऊर्जावान युवाओं का महासंगम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस मंच से निकलने वाले विचार और संकल्प राष्ट्र निर्माण की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1949 में स्थापना के बाद से विद्यार्थी परिषद 77 वर्षों से व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है। यह संगठन सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और वैचारिक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन लाने वाली अग्रणी शक्ति के रूप में उभर कर सामने आया है।
उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है, जो अपने परिश्रम और प्रतिभा के बल पर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानकर अनेक पहलें की जा रही हैं—स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाएँ युवाओं की क्षमता को दिशा प्रदान कर रही हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सही मार्गदर्शन और उचित अवसर मिलने पर भारत की युवा ऊर्जा देश को पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित करेगी।
कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, ABVP के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।