दून पुलिस की बड़ी सफलता: 70 लाख से अधिक कीमत के 415 खोए मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए – uttarakhandawaaz.in

दून पुलिस की बड़ी सफलता: 70 लाख से अधिक कीमत के 415 खोए मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए

देहरादून ,

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशन में देहरादून पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जनपद में खोए हुए सैकड़ों मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां लोगों के चेहरों पर खुशियां लौट आई हैं, वहीं दून पुलिस की कार्यशैली की भी सराहना हो रही है।

एसएसपी के निर्देशों पर साइबर क्राइम सेल देहरादून की टीम ने सर्विलांस तकनीक का उपयोग करते हुए उत्तराखंड सहित बाहरी राज्यों से गुम हुए मोबाइल फोनों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया। टीम ने कड़ी मेहनत और तकनीकी सहायता से कुल 415 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 70 लाख 45 हजार रुपये बताई जा रही है।

शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी देहरादून ने बरामद मोबाइल फोनों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। मोबाइल स्वामियों ने दून पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए साइबर क्राइम सेल और थानों द्वारा CEIR Portal पर प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाती है। इसी का परिणाम है कि पूर्व में भी लाखों रुपये के मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाया जा चुका है।

इस अभियान में एएसपी स्पेशल ऑपरेशन अंकित कंडारी, इंस्पेक्टर नीरज चंद्र शर्मा (इंचार्ज साइबर क्राइम सेल), महिला एसआई निर्मला भट्ट सहित अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कम कीमत के लालच में बिना वैध बिल और पहचान के किसी अज्ञात व्यक्ति से मोबाइल फोन न खरीदें, अन्यथा भविष्य में कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *