देहरादून ,
Bla-Bla App के जरिए यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सुरक्षा चिंता का विषय बनती जा रही है। हाल के दिनों में यात्रियों के साथ गंभीर अपराधों की घटनाएँ बढ़ी हैं। ऐसे में यात्रा करते समय सतर्क रहना, अनजान व्यक्तियों पर भरोसा न करना तथा अपनी यात्रा की जानकारी परिवार और दोस्तों को बताना बेहद आवश्यक है। सावधानी और सुरक्षा उपायों का पालन कर यात्रा को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
देहरादून। एसटीएफ उत्तराखंड ने Bla-Bla App पर कार में सीट बुक कर स्मैक की तस्करी करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान राहुल, निवासी धर्मशानगली, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उसके खिलाफ डोईवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, बरेली से Bla-Bla App के माध्यम से एक कार में सीट बुक कर नशा तस्कर के देहरादून आने की सूचना मिली थी। इसी पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम ने शुक्रवार सुबह डोईवाला क्षेत्र में कार को रोककर आरोपित राहुल को पकड़ लिया। उसके कब्जे से 105 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने यह स्मैक बरेली से राशिद नाम के एक तस्कर से खरीदी थी, जिसे वह देहरादून में महंगे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस अब आरोपी राशिद की भी तलाश में जुटी है।
