आढ़त बाजार से तहसील चौक तक चौड़ीकरण परियोजना को मिली गति, एमडीडीए ने शुरू की रजिस्ट्री प्रक्रिया – uttarakhandawaaz.in

आढ़त बाजार से तहसील चौक तक चौड़ीकरण परियोजना को मिली गति, एमडीडीए ने शुरू की रजिस्ट्री प्रक्रिया

धामी सरकार का विज़न हुआ साकार, आढ़त बाजार परियोजना देहरादून को दिला रही नई दिशा

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शहर के यातायात दबाव को कम करने और सड़क ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आढ़त बाजार से तहसील चौक तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत प्रभावित परिसंपत्तियों के प्रतिकर वितरण और भूखंड आवंटन की प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ रही है।

एमडीडीए ने रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्य के निष्पादन हेतु मुख्य अभियंता एच.सी.एस. राणा और संयुक्त सचिव गौरव चटवाल को अधिकृत किया गया है। प्रभावित परिसंपत्तियों की रजिस्ट्री और प्रतिकर का कार्य एक साथ प्रारंभ किया जा चुका है।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि यह परियोजना देहरादून के केंद्रीय क्षेत्र में यातायात सुगमता के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रभावित संपत्तियों के स्वामियों को उचित प्रतिकर और वैकल्पिक भूखंड देने की दिशा में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में नागरिकों का सहयोग सर्वोच्च प्राथमिकता है, और एमडीडीए सभी प्रभावितों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है।

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित परिसंपत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग (प्रान्तीय खंड), देहरादून के पक्ष में प्रारंभ हो चुकी है।

  • सहारनपुर चौक से तहसील चौक तक बाईं ओर की संपत्तियों की रजिस्ट्री के लिए मुख्य अभियंता एच.सी.एस. राणा को अधिकृत किया गया है।

  • दाईं ओर की संपत्तियों के लिए संयुक्त सचिव गौरव चटवाल को नामित किया गया है।

  • रजिस्ट्री विलेखों को उपनिबंधक कार्यालय, देहरादून में प्रस्तुत करने हेतु लिपिक धन सिंह चौहान और दिव्यान्श श्रीवास्तव को प्रस्तुतकर्ता के रूप में अधिकृत किया गया है।

यह परियोजना देहरादून शहर के यातायात प्रबंधन, सौंदर्यीकरण और सतत विकास की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। इसके पूर्ण होने के बाद शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

One thought on “आढ़त बाजार से तहसील चौक तक चौड़ीकरण परियोजना को मिली गति, एमडीडीए ने शुरू की रजिस्ट्री प्रक्रिया”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *