प्रदेश में 23 खेल अकादमियां की जल्द स्थापना: सीएम पुष्कर सिंह धामी

देहरादून  ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में आयोजित ‘‘सांसद खेल महोत्सव’’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में आयोजित हो रहा यह महोत्सव खेल प्रतिभाओं को गाँव से राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का बड़ा अभियान है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में यह खेल महोत्सव तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य “फिट इंडिया–स्पोर्ट्स इंडिया–स्ट्रॉन्ग इंडिया” के संदेश को गाँव-गाँव तक पहुँचाने के साथ स्थानीय और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है और वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। राज्य सरकार भी प्रदेश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। धामी ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर इतिहास रचा और राज्य का गौरव बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” के अंतर्गत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इन अकादमियों में हर वर्ष 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। साथ ही नई खेल नीति लागू की गई है, जिसके तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को “आउट ऑफ टर्न” सरकारी नौकरी दी जा रही है।

राज्य सरकार “मुख्यमंत्री खेल विकास निधि”, “मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना”, “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना” और “खेल किट योजना” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को प्रोत्साहित कर रही है। इसके अलावा, “उत्तराखंड खेल रत्न” और “हिमालय खेल रत्न” पुरस्कारों के जरिए खिलाड़ियों की योग्यता का सम्मान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटे को पुनः लागू किया गया है, जिससे उन्हें उचित अवसर और सम्मान मिल सके।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए “सांसद खेल प्रतियोगिता” और “फिट इंडिया” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सांसद बंसल ने घोषणा की कि वे अपनी सांसद निधि से राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण तथा मेस में फर्नीचर की व्यवस्था के लिए धनराशि उपलब्ध कराएँगे।

One thought on “प्रदेश में 23 खेल अकादमियां की जल्द स्थापना: सीएम पुष्कर सिंह धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *