देहरादून,
UKSSSC प्रतियोगी परीक्षा में गड़बड़ी की जांच को लेकर गठित एकल सदस्यीय आयोग ने बुधवार को देहरादून में जन संवाद आयोजित किया। न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी की अध्यक्षता में गठित यह आयोग आईटीडीए ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में अभ्यर्थियों, परीक्षा केंद्र प्रभारियों, कोचिंग सेंटर संचालकों और आम नागरिकों से मिला।
जन संवाद में उठे सुझाव
कार्यक्रम के दौरान कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए भविष्य की परीक्षाओं में सुरक्षा व पारदर्शिता व्यवस्था मजबूत करने का सुझाव दिया। आयोग ने एक-एक अभ्यर्थी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और सभी सुझावों को दर्ज किया।
आयोग की पारदर्शी जांच प्रक्रिया
आयोग अध्यक्ष न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी ने कहा —
“जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और साक्ष्यों पर आधारित होगी। जन संवाद के माध्यम से जो भी सुझाव और साक्ष्य मिल रहे हैं, उन्हें संकलित कर अंतिम रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी।”
उन्होंने बताया कि आयोग राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर जन संवाद कर रहा है ताकि हर वर्ग की बात सीधे सुनी जा सके।
शिकायत और सुझाव ईमेल से भी भेजे जा सकते हैं
आयोग के सचिव विक्रम सिंह राणा ने बताया कि जन सुनवाई में मिली शिकायतों व सुझावों को समेकित कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को यदि अतिरिक्त जानकारी देनी हो, तो वह ईमेल के माध्यम से आयोग को भेज सकता है।
जन संवाद कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी वी.के. ढौडियाल, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य, प्रभारी, अभ्यर्थी और आम नागरिक उपस्थित रहे।
