अवैध निर्माण और कब्जों पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून ,

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में अवैध कब्जों और अतिक्रमण की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि सरकारी भूमि, सड़कों और सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान लोगों ने नगर निगम, एमडीडीए और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में अवैध निर्माण और कब्जों की कई शिकायतें रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए और कहा कि जनता की जमीन पर कब्जा करने वालों को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।

प्रमुख निर्देश और कार्रवाइयाँ:

  • हर्रबटपुर: नगर पालिका की सड़क पर अवैध कब्जे की शिकायत पर ईओ को तुरंत अतिक्रमण हटाने के निर्देश।
  • रानीपोखरी: अवैध निर्माण की शिकायत पर एमडीडीए और एसडीएम ऋषिकेश को संयुक्त कार्रवाई के आदेश।
  • डीएल रोड, डालनवाला: सार्वजनिक मार्ग पर निर्माण कर रास्ता बंद करने के मामले में नगर निगम को शीघ्र अतिक्रमण हटाने के निर्देश।
  • नेहरूग्राम: न्यायालय आदेश के बावजूद बाहरी लोगों को बसाने की शिकायत पर नगर निगम को कोर्ट के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के आदेश।
  • हिलांसवाली: भूमि सीमांकन और खसरा विवाद की शिकायत पर तहसीलदार को जांच कर समाधान करने के निर्देश।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि अतिक्रमण और अवैध कब्जों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित के मामलों में स्थल निरीक्षण कर तुरंत निस्तारण किया जाए, ताकि जनता को न्याय मिल सके।कार्यक्रम में एसडीएम अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, विनोद कुमार, सीडीओ सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वी.के. ढौंडियाल सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *