गुरु कृपा और गुरु भक्ति से धन्य हुआ देहरादून का श्री दरबार साहिब
देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने समाधि स्थल पर किया वंदन, लंगर और रक्तदान से गूँजा परिसर
देहरादून ,
देहरादून के पावन श्री दरबार साहिब में रविवार को श्री गुरु राम राय जी महाराज का 339वां महानिर्वाण पर्व परंपरागत रीति-रिवाजों, पूर्ण श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विशेष पूजा-अर्चना कर संगतों को गुरु महिमा और गुरु कृपा का महत्व समझाया।
श्रीमहंत जी ने कहा—
“गुरु ही साक्षात परब्रह्म हैं। गुरु के ज्ञान और मार्गदर्शन से ही हम ईश्वर की प्राप्ति कर सकते हैं। अध्यात्म का मार्ग गुरु बिना अधूरा है और गुरु कृपा से ही शिष्य का जीवन सार्थक होता है।”
पूजा-अर्चना और विशेष लंगर
महानिर्वाण पर्व पर श्री झंडे जी परिसर स्थित पवित्र सरोवर के किनारे श्री गुरु महाराज जी को तर्पण अर्पित किया गया। इसके पश्चात 17 पुरोहितों द्वारा चावल, दूध, शहद, गंगाजल, घी और शक्कर से पूजन कर गुरु महिमा का स्मरण किया गया।
पूजा-अर्चना के उपरांत संगतों को फलों का प्रसाद और विशेष लंगर वितरित किया गया। देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने समाधि स्थल पर माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। सायंकाल हलवा-पूरी और चूरमा का प्रसाद वितरित हुआ। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की चिकित्सक टीम ने संगतों की सेवा हेतु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
ऐतिहासिक महत्व
गौरतलब है कि श्री गुरु राम राय जी महाराज का जन्म 1646 ई. में चैत्र मास की पंचमी को हुआ था और 1676 ई. में वे देहरादून आए। उन्होंने देहरादून को अपनी कर्मस्थली बनाकर पावन किया। उनके डेरे से ही इस नगर का नाम देहरादून पड़ा।
भाद्रसुदी 8 संवत 1744 (4 सितंबर 1687) को वे परमात्मा ध्यान में लीन हो गए। तभी से संगतें उनकी समाधि की सेवा कर हर वर्ष इस दिन को महानिर्वाण पर्व के रूप में श्रद्धाभाव से मनाती आ रही हैं।
इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और गुरु कृपा की छाया बने रहने की प्रार्थना की।
स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 105 यूनिट रक्तदान
महानिर्वाण पर्व के अवसर पर महाकाल सेवा समिति द्वारा श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ब्लड बैंक के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और आशीर्वाद प्रदान किया।
इस दौरान 105 यूनिट रक्तदान हुआ। पुरुषों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में भागवताचार्य श्री सुभाष जोशी, श्री पृथ्वीनाथ सेवादल से संजय गर्ग, नवीन गुप्ता, विवेक मोहन श्रीवास्तव तथा महाकाल सेवा समिति से रौशन राणा, हेमराज अरोड़ा, विनय प्रजापति, आयुष जैन, गौरव जैन, बालकिशन शर्मा, संजीव गुप्ता, नितिन अग्रवाल, राहुल माटा, विक्रम चौधरी, कृतिका राणा, अनुष्का राणा आदि शामिल रहे।
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ब्लड बैंक टीम का प्रतिनिधित्व अमित चंद्रा और डॉ. सुप्रीत कौर ने किया।