भाजपा ने पीएम मोदी की माता के लिए अभद्र भाषा को बताया कांग्रेस का नफरती चेहरा, की कड़ी आलोचना

देहरादून, 
भाजपा ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बिहार में कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग कराया गया। भाजपा ने इसे कांग्रेस का “नफरती चेहरा” करार दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने राजनीति का स्तर इतना गिरा दिया है कि सार्वजनिक मंच पर कही गई बातों को दोहराना भी संभव नहीं है।

भट्ट ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के मंच से अपमान, नफरत और अश्लीलता की सारी सीमाएं लांघी गईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी न तो देश के स्वाभिमान की चिंता करती है और न ही प्रदेश की, बल्कि यह विभिन्न राज्यों के लोगों को आपस में लड़ाने की रणनीति पर चलती है।

भट्ट ने कहा, “इतने सारे राजनीतिक ड्रामे के बाद भी उनकी यात्रा सफल नहीं हो रही है। हताशा में आकर वे प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गीय माता को गाली दिलवा रहे हैं। यह ऐसा अपराध है कि चाहे राहुल और तेजस्वी हजार बार भी माफी मांग लें, जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *