अब आयुष्मान आरोग्य मंदिर में होगी सर्वाइकल कैंसर की प्रारम्भिक जांच

देहरादून ,

जनपद देहरादून में सर्वाइकल कैंसर की प्रारम्भिक जांच को लेकर बड़ी पहल की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को इस जांच के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

गुरुवार को आयोजित सत्र में डोईवाला और रायपुर ब्लॉक के सीएचओ को प्रशिक्षण दिया गया।

सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि अब तक आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्तन कैंसर और मुख कैंसर की प्रारम्भिक जांच की सुविधा उपलब्ध थी। प्रशिक्षण के उपरांत सीएचओ सर्वाइकल कैंसर की शुरुआती जांच भी कर सकेंगे। इससे बीमारी का समय रहते पता चल सकेगा और मरीजों को समय पर उच्च चिकित्सा इकाइयों में रेफर किया जा सकेगा।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनएचएम) डॉ. निधि रावत ने कहा कि जनपद के सभी सीएचओ को यह प्रशिक्षण 5 बैचों में दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें वी.आई.ए. किट उपलब्ध कराई गई है।

मुख्य प्रशिक्षक वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघना असवाल ने कहा कि प्रशिक्षण से सामुदायिक स्तर पर ही कैंसर की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में जिला सलाहकार अर्चना उनियाल, सीपीएचसी समन्वयक मनोज खण्डूड़ी सहित रायपुर और डोईवाला ब्लॉक के सभी सीएचओ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *