हरिद्वार ,
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरिद्वार जिले के कुंवाहेड़ी गांव, कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के 111 वर्षीय ग्राम चौकीदार देवीलाल जी को पुलिस विभाग ने सम्मानित किया। ग्राम सुरक्षा व्यवस्था के आधार स्तंभ रहे देवीलाल जी ने अपने जीवन के कई दशक पुलिस और समाज सेवा में समर्पित किए।
सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा और सतर्कता से निभाईं। वर्तमान में उनके पौत्र ग्राम प्रहरी के रूप में कार्यरत हैं, फिर भी वे आज भी पुलिस विभाग से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।
सम्मान समारोह में पुलिस उपाधीक्षक मंगलौर विवेक कुमार, प्रभारी निरीक्षक मंगलौर शांति कुमार गंगवार, चौकी प्रभारी नारसन हेमदत्त भारद्वाज सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
गुलामी का दौर देख चुके देवीलाल जी ने भावुक होकर कहा— “आजादी की कीमत वही जानता है जिसने गुलामी देखी हो।” उनकी सेवा भावना और समर्पण सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।