उत्तरकाशी,
उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के मद्देनज़र राज्य सरकार ने राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस बल की एक बड़ी टुकड़ी रवाना की है। आपदा की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों समेत कुल 300 पुलिसकर्मियों की तत्काल तैनाती की गई है।
इस आपदा राहत बल में दो पुलिस महानिरीक्षक (IG) — SDRF के अरुण मोहन जोशी और गढ़वाल परिक्षेत्र के राजीव स्वरूप — को शामिल किया गया है। इनके साथ तीन एसपी, एक डिप्टी कमांडेंट, और 11 डिप्टी एसपी भी भेजे गए हैं। ये अधिकारी उत्तरकाशी में राहत, बचाव और समन्वय कार्यों का नेतृत्व करेंगे।
आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए सेनानायक IRB द्वितीय, श्रीमती श्वेता चौबे की अगुवाई में 40वीं वाहिनी पीएसी की ई कंपनी और आईआरबी द्वितीय, देहरादून की सी कंपनी के कुल 140 जवान भी क्षेत्र में भेजे गए हैं।
इसके अतिरिक्त, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और टिहरी जिलों से कुल 160 पुलिसकर्मी, जिनमें निरीक्षक से लेकर आरक्षी स्तर के जवान शामिल हैं, विशेष आपदा राहत उपकरणों के साथ उत्तरकाशी रवाना किए गए हैं।
इस व्यापक तैनाती का उद्देश्य प्रभावित क्षेत्रों में तेज़ी से राहत पहुंचाना, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक ले जाना, और स्थानीय प्रशासन को हर संभव सहायता प्रदान करना है।
स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी आवश्यकतानुसार बल की तैनाती की जाएगी।