हरिद्वार ,
हरिद्वार सप्तसरोवर रोड स्थित श्री ब्रह्म निवास आश्रम में सोमवार को पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज के 50वें निर्वाण दिवस पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सतगुरु की आध्यात्मिक शिक्षाओं और सामाजिक योगदान को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
“सेवा ही सबसे बड़ा धर्म”
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि
“पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज ने जीवन भर सेवा, सत्य और भक्ति के मार्ग को अपनाते हुए समाज को जोड़ने का कार्य किया। उनकी वाणी में अद्भुत शक्ति और दृष्टि में भगवान बुद्ध जैसी करुणा थी।”
उन्होंने कहा कि सतगुरु की शिक्षाएं आज भी समाज को दिशा देने वाली हैं और नई पीढ़ी को आध्यात्मिकता की ओर प्रेरित करती हैं।
सनातन संस्कृति को विश्व मंच पर सम्मान
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि
“आज सनातन संस्कृति का वैश्विक स्तर पर प्रचार-प्रसार हो रहा है। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से दुनिया भारत की प्राचीन परंपराओं और दर्शन से परिचित हो रही है।”
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर के निर्माण की योजना पर कार्य कर रही है, जिससे हरिद्वार भी काशी और अयोध्या की तरह एक भव्य आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।
डेमोग्राफी संरक्षण और सामाजिक संतुलन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और जनसांख्यिकी संरचना को बनाए रखने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है। उन्होंने उल्लेख किया कि:
-
धर्मांतरण विरोधी कड़ा कानून लागू किया गया है।
-
ऑपरेशन कालनेमि के तहत वेश बदलकर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
-
प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनकर उत्तराखंड ने मिसाल पेश की है।
शिक्षा में भारतीयता की वापसी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि:
-
राज्य के विद्यालयों में छात्रों को श्रीमद्भगवद्गीता का अध्ययन कराया जाएगा।
-
दून विश्वविद्यालय में ‘हिंदू अध्ययन केंद्र (Centre for Hindu Studies)’ की स्थापना की गई है, जो भारतीय ज्ञान परंपरा और दर्शन पर केंद्रित रहेगा।
प्रमुख उपस्थितजन:
कार्यक्रम में महंत ललितानंद गिरी महाराज, पंजाब विधानसभा उपाध्यक्ष जय कृष्ण सिंह, हरियाणा सरकार में राज्यमंत्री राजेश नागर, स्थानीय विधायक मदन कौशिक, रुड़की की मेयर अनीता देवी, दर्जा राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।