देहरादून,
उत्तराखंड की शांत राजधानी देहरादून अब अवैध गतिविधियों का नया गढ़ बनती जा रही है। ताज़ा मामला अवैध कसीनो संचालन से जुड़ा है, जहां जंगलों के बीच एक मकान में चोरी-छिपे कसीनो चलाया जा रहा था। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इसका खुलासा हुआ है।
12 आरोपी गिरफ्तार, कसीनो कॉइन व नकदी बरामद
पुलिस ने मौके से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1900 कसीनो कॉइन, 89,000 रुपये नकद और 12 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में 3 दिल्ली निवासी भी शामिल हैं जो खास तौर पर कसीनो खेलने देहरादून आए थे।
जंगल के बीच गुप्त ठिकाने पर चलता था कसीनो
एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक, प्रेमनगर के सलियावाला गांव के जंगल के भीतर बने एक मकान में अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सीओ प्रेमनगर रीना राठौर, थानाध्यक्ष कुंदन राम और एसटीएफ निरीक्षक विपिन बहुगुणा की देखरेख में टीम ने शनिवार देर रात दबिश दी।
टीम को एक बड़े कमरे में कसीनो सेटअप मिला, जहां लोग कॉइन के जरिये हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे।
मुख्य आरोपी: मकान मालिक सहित स्थानीय संपर्क सूत्र
गिरफ्तार आरोपियों में मकान मालिक शशांक गुप्ता (निवासी गुरुग्राम, हरियाणा) प्रमुख है। वहीं, पूछताछ में पता चला कि दिल्ली से आए जुआरी शशांक, उमेश रावत और विक्रम शाह जैसे स्थानीय व्यक्तियों के संपर्क में थे और देहरादून में कसीनो खेलने की योजना बनाकर पहुंचे थे।