बिजली लाइनमैन की करंट लगने से मौत के मामले में सीएम धामी का बड़ा एक्शन, तीन अधिकारी निलंबित

देहरादून/पौड़ी,

रिखणीखाल ब्लॉक के वड्डाखाल क्षेत्र में बिजली लाइन पर कार्य करते समय एक संविदा लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उपखण्ड अधिकारी चंद्रमोहन, अवर अभियंता शुभम कुमार और अधिशासी अभियंता विनीत कुमार सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने इस निर्णय को कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

सीएम धामी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्यस्थलों पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी फील्ड कर्मियों के पास हेलमेट, ग्लव्स, सेफ्टी बेल्ट और इन्सुलेटेड औजार जैसे सभी अनिवार्य सुरक्षात्मक उपकरण उपलब्ध हों, विशेषकर फायर या शार्प ऑब्जेक्ट्स के इस्तेमाल के समय।

UPCL से जवाबतलबी, सुरक्षा संसाधनों की रिपोर्ट मांगी

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) के वरिष्ठ अधिकारियों से इस पूरे मामले में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने यह जानना चाहा कि विभाग के पास वर्तमान में कितने सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हैं और क्या ये उपकरण वास्तव में फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों तक पहुँच भी रहे हैं या नहीं।

सीएम धामी ने दोहराया कि राज्य सरकार के लिए हर कर्मचारी का जीवन और सुरक्षा सर्वोपरि है। इस दिशा में किसी भी स्तर पर की गई लापरवाही को क्षमा नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *