मुख्यमंत्री धामी पहुंचे श्री महंत इंदिरेश अस्पताल यूकेडी के वरिष्ठ नेता दिवाकर भट्ट का लिया हालचाल, तेजी से हो रहा स्वास्थ्य सुधार

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार देर शाम श्री महंत इंदिरेश अस्पताल पहुँचे, जहाँ उन्होंने उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट का हालचाल जाना। न्यूरो संबंधी समस्याओं के उपचार हेतु भर्ती दिवाकर भट्ट से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

अस्पताल में वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. पंकज अरोड़ा की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि दिवाकर भट्ट पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। पहले उन्हें एचडीयू (HDU) में मेडिकल सपोर्ट पर रखा गया था। वर्तमान में उनकी स्थिति स्थिर है और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। अब उन्हें प्राइवेट कक्ष में शिफ्ट कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों व तीमारदारों से भी बातचीत की और अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी से विस्तृत जानकारी ली।

इस दौरान मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भूपेन्द्र रतूड़ी, पीआरओ हरिशंकर गौड़, पीआरओ पीयूष गुसाईं सहित डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ की टीम मौजूद रही।
मुख्यमंत्री ने दिवाकर भट्ट के शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः सक्रिय सार्वजनिक जीवन में लौटने की शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *