चैकी इंचार्ज द्वारा महिला से दुष्कर्म मामले में कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया – uttarakhandawaaz.in

चैकी इंचार्ज द्वारा महिला से दुष्कर्म मामले में कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया

भाजपा राज में दुष्कर्मियों और व्यभिचारियों को मिल रहा प्रश्रयः गरिमा दसौनी
देहरादून। ,

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के मयूर विहार चैकी इंचार्ज द्वारा एक महिला से दुष्कर्म मामले में उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दसौनी ने कहा कि भाजपा राज में जिस तरह से दुष्कर्मियों और व्यभिचारियों को प्रश्रय मिल रहा है उससे अब पुलिस कर्मियों के हौंसले भी बुलंद हो रहे हैं। इस अवसर पर गरिमा ने कहा की आज भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा यदि कोई प्रताड़ित है तो वह मातृ शक्ति हैं, महिलाएं हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार का नारा बन गया है, बलात्कारी बचाओ बलात्कारी भगाओ। उन्होंने कहा कि भाजपा में अत्याचारियों, व्याभिचारियों, भ्रष्टाचारियों सबको शरण दी जाती है, और जो बेटियां गुहार लगाती हैं उन्हें सजा दे दी जाती है। दसौनी ने कहा की ताजा मामला योगा ट्रेनर का है जिसका पति कनाडा में रहता है, फरवरी 2023 में उनके घर में चोरी हुई और उसकी शिकायत करने वह मयूर विहार चैकी इंचार्ज मनोज भट्ट के संपर्क में आई परंतु पीड़िता को क्या पता था की रक्षक ही भक्षक बन जाएगा। इस अवसर पर गरिमा ने कहा कि पिछले दिनों जनपद चमोली की दो नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की खबरें आई, पुरोला में एक अध्यापक के द्वारा अपनी ही नाबालिग शिष्या के साथ किए दुष्कर्म मामले में लीपापोती का भरसक प्रयास किया गया। गरिमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार महिलाओं के खिलाफ अपराध दर 64.4 प्रतिशत हो गई है, जो 2014 में 54 प्रतिशत थी। उन्होंने बताया कि पिछले दस सालों में महिला अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि आज देश के कोने कोने से भाजपा राज में महिलाओं की चीख-चीत्कार सुनाई दे रही है। जिस बेटी ने भाजपा सरकार से गुहार लगाई उस बेटी ने सजा पाई। हाथरस से हासन तक, मणिपुर से उन्नाव तक, पौड़ी गढ़वाल से सोनभद्र तक, कैसरगंज से वाराणसी तक भाजपाई सत्ता की सरपरस्ती बलात्कारियों के साथ है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं भाजपा सरकार में हर तरह से प्रताड़ित की जा रही हैं, दुष्कर्म से, महंगाई से, अपनी काबिल संतानों की बेरोजगारी से, कुपोषण से, कार्यस्थलों पर हो रहे भेदभावों से और उन्होंने कहा कि आज समूचे देश की महिलाएं एक स्वर में यह आवाज उठा रही हैं कि मोदी सरकार को हटाइये महिलाओं को सशक्त बनाइये। उन्होंने कहा कि जैसे कैसरगंज से भाजपा बृजभूषण शरण सिंह पर अन्तर्राष्ट्रीय महिला कुश्ती पहलवान बेटियों के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप तय कर दिये गये हैं, मगर दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि उनके सुपुत्र को भाजपा द्वारा प्रत्याशी बनाकर महिला पहलवानों का अपमान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *