काशीपुर ,
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को ननकाना साहिब बड़ा गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए मत्था टेका। इस अवसर पर उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर आयोजित नगर कीर्तन यात्रा का स्वागत भी किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, एकता और गुरु साहिब के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का अभियान है। उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी को “हिंद दी चादर” बताते हुए उनके जीवन और बलिदान को प्रेरणास्रोत बताया।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की अनेक मांगों का समाधान हुआ है। उन्होंने बताया कि गोविंद घाट से हेमकुंड साहिब तक 12.5 किलोमीटर लंबे रोपवे का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और धर्मांतरण, लैंड जिहाद जैसी अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी का 350वां बलिदान दिवस पूरे भव्य तरीके से मनाया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।