दुखद घटना: कर्ज़ के बोझ तले पंचकूला में एक ही परिवार ने की सामूहिक आत्महत्या, 7 की मौत

देहरादून ,

हरियाणा के पंचकूला शहर में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उत्तराखंड से आए एक ही परिवार के सात सदस्यों ने कथित तौर पर कर्ज के दबाव में आकर ज़हर खाकर सामूहिक आत्महत्या कर ली। इस त्रासदी ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।

कार में मिले शव, पुलिस जांच में जुटी

घटना सेक्टर-27 की बताई जा रही है, जहां मकान नंबर 1204 के बाहर खड़ी एक कार में छह लोगों को बेहोशी की हालत में पाया गया। सभी को निजी अस्पताल ले जाया गया, जबकि एक सदस्य तड़पते हुए घर से बाहर निकला, जिसे सिविल अस्पताल सेक्टर-6 में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

पुलिस के मुताबिक मृतकों में प्रवीन मित्तल, उनकी पत्नी, उनके पिता देशराज मित्तल, तीन बच्चे और एक अन्य महिला शामिल हैं। प्राथमिक जांच में सभी की मौत का कारण ज़हर खाना पाया गया है।

बिज़नेस फेलियर बना आत्महत्या की वजह

बताया जा रहा है कि प्रवीन मित्तल ने हाल ही में देहरादून में एक टूर एंड ट्रैवल कंपनी शुरू की थी, जो भारी घाटे में चली गई। इसके चलते परिवार पर भारी कर्ज चढ़ गया और वे लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।

धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय लिया आत्मघाती फैसला

परिवार हाल ही में बागेश्वर धाम के हनुमान कथा कार्यक्रम में भाग लेने पंचकूला आया था। लौटते समय उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया, जिससे साफ जाहिर होता है कि यह घटना पूर्व-नियोजित थी।

प्रशासन की सक्रियता, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी हिमाद्रि कौशिक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट बनाई जा रही है और परिवार की वित्तीय स्थिति की भी जांच की जा रही है।


समाज के लिए चेतावनी
यह घटना न सिर्फ एक पारिवारिक त्रासदी है, बल्कि यह समाज को सोचने पर मजबूर करती है कि मानसिक स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता के अभाव में कितने लोग ऐसे कदम उठाने को मजबूर हो जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *