देहरादून,
शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच महापौर सौरभ थपलियाल ने खुद कमान संभाल ली है। नगर निगम ने निर्णय लिया है कि देहरादून के सभी 100 वार्डों में एक-एक ट्रैक्टर-ट्राली लगाई जाएगी, ताकि कूड़ा उठान में तेजी आ सके और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो।
महापौर थपलियाल ने बताया कि यह ट्रैक्टर-ट्रालियां वार्डों से कूड़ा उठाकर तुरंत डंपिंग स्थल तक पहुंचाएंगी और फिर वापस वार्डों में लौटकर काम जारी रखेंगी। इससे वाहनों के फेरे बढ़ेंगे और सफाई में समय की बचत होगी।
इसके अलावा, नगर निगम ने सफाई वाहनों को सीयूजी (क्लोज्ड यूजर ग्रुप) नंबर देने का भी फैसला लिया है, जिससे संपर्क व्यवस्था और निगरानी प्रणाली मजबूत होगी।
महापौर ने कहा, “नई व्यवस्था से घर-घर कूड़ा उठाने की प्रक्रिया और अधिक व्यवस्थित होगी। इससे नागरिकों को सफाई को लेकर राहत मिलेगी और वार्डों की स्थिति में जल्द सुधार देखने को मिलेगा।”
नगर निगम की यह पहल शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।