देहरादून ,
राजपुर क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग युवती को दून पुलिस ने बोरीवली, मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। युवती घर से नाराज होकर नौकरी की तलाश में अकेले मुंबई चली गई थी।
दिनांक 19 मई को युवती की मां ने राजपुर थाना पहुंचकर अपनी पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिजनों द्वारा तमाम प्रयासों के बाद भी जब युवती का कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मोबाइल सर्विलांस के ज़रिए लोकेशन ट्रैक की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप एक सूचना के आधार पर नाबालिग को मुंबई के बोरीवली इलाके से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह घर में नाराजगी के चलते बिना बताए नौकरी की तलाश में मुंबई चली गई थी। पुलिस ने उसे परिजनों के हवाले कर दिया, जिन्होंने नम आंखों से अपनी बेटी को गले लगाया और दून पुलिस का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।
दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक परिवार को फिर से चैन की सांस मिली।