श्री हेमकुण्ट साहिब यात्रा के लिए प्रथम जत्था रवाना, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

ऋषिकेश,

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को ऋषिकेश से श्री हेमकुण्ट साहिब यात्रा के लिए पहले जत्थे को पंज प्यारों की अगुवाई में रवाना किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और उनकी सुगम व सुरक्षित यात्रा की कामना की।

राज्यपाल ने इस तीर्थ यात्रा को आस्था, भक्ति और विश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि 15,000 फीट की ऊँचाई पर स्थित हेमकुण्ट साहिब तक की लगभग 18 किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा श्रद्धालुओं की धैर्य और संकल्प की परीक्षा है। उन्होंने सिख गुरुओं के मूल सिद्धांतों—स्वाभिमान, साहस, बलिदान, परिश्रम और सेवा—का उल्लेख करते हुए गुरु गोबिंद सिंह जी की वाणी “निश्चय कर अपनी जीत करौं” को आत्मसात करने का संदेश दिया।

राज्यपाल ने यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील करते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का समर्थन करने की बात कही। उन्होंने प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की तैयारियों की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमकुण्ट साहिब को धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संगम का प्रतीक बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यात्रा मार्ग को और अधिक सुगम बनाया जा रहा है। भविष्य में यह यात्रा और भी कम समय में पूरी की जा सकेगी।

इस मौके पर AI-संचालित चैटबॉट ‘इटरनल गुरु’ के अपग्रेडेड वर्जन का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय और हेमकुण्ट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने मिलकर तैयार किया है।

कार्यक्रम में हेमकुण्ट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी और सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, रेनू बिष्ट, स्वामी चिदानंद सरस्वती (परमार्थ निकेतन), जोत सिंह (निर्मल आश्रम), ज्ञान देव महाराज (निर्मल अखाड़ा प्रमुख), प्रो. ओंकार सिंह (कुलपति, तकनीकी विश्वविद्यालय), तथा प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री (कुलपति, संस्कृत विश्वविद्यालय) सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *