“डीएम हो तो ऐसा…” – ऑन द स्पॉट समाधान से जनता में प्रशंसा पा रहे देहरादून डीएम सविन बंसल

देहरादून,

राजधानी देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल जनता की सेवा के प्रति अपनी संवेदनशीलता, तत्परता और निष्पक्ष कार्यशैली के लिए लगातार चर्चा में हैं। चाहे जनता दरबार हो, बहुउद्देशीय शिविर या क्षेत्रीय दौरे—डीएम सविन बंसल हर स्तर पर जनता की समस्याओं को न केवल गंभीरता से सुनते हैं, बल्कि मौके पर ही प्रभावी समाधान भी सुनिश्चित करते हैं।

जनसुनवाई के दौरान एक हालिया मामला तब सामने आया जब ओगल भट्टा, क्लेमेंट टाउन निवासी एक दिव्यांग महिला राखी, अपने पति विजेंद्र कुमार के साथ डीएम कार्यालय पहुँची। महिला ने अपनी 40% दिव्यांगता के आधार पर दिव्यांग पेंशन और रोजगार की मांग की। डीएम बंसल ने न केवल पूरी सहानुभूति के साथ उनकी बात सुनी, बल्कि तुरंत पेंशन स्वीकृत करते हुए उन्हें सरकारी सहायता के तहत ‘सारथी’ वाहन से सुरक्षित घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की।

महिला ने डीएम की इस संवेदनशीलता और कार्य के प्रति समर्पण को देखकर भावुक होकर कहा—”डीएम हो तो ऐसा!”

डीएम के निर्देश पर जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। महिला के पास आय प्रमाण पत्र न होने पर तहसील स्तर पर त्वरित कार्रवाई कर आय प्रमाण पत्र बनवाया गया, और पेंशन हेतु आवेदन ऑनलाइन स्वीकृत किया गया। अब जून 2025 से राखी को हर माह ₹1500 की पेंशन, और जुलाई 2025 से बैंक खाते में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, समाज कल्याण विभाग की ओर से उन्हें नि:शुल्क व्हीलचेयर भी प्रदान की गई है।

इससे पहले भी बहुउद्देशीय शिविरों और क्षेत्रीय निरीक्षणों के दौरान डीएम सविन बंसल ने कई समस्याओं का मौके पर समाधान कर जनता का विश्वास अर्जित किया है। उनकी ईमानदार छवि, कड़े निर्णय लेने की क्षमता और संवेदनशील दृष्टिकोण उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *