देहरादून ,
रेंजर्स ग्राउंड में हर रविवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार स्थानीय लोगों के लिए सुविधाजनक भले ही हो, लेकिन बाजार के समापन के बाद वहां गंदगी, कचरा और पानी का जमाव आम समस्या बन गया है। इस गंभीर स्थिति को लेकर श्री महाकाल सेवा समिति ने नाराजगी जताई है।
समिति के अध्यक्ष श्री रोशन राणा ने बताया कि बाजार समाप्त होने के बाद ठेले, सब्जी और अन्य दुकानदार जो बाहर से आकर व्यापार करते हैं, वे खुले में कचरा, खराब सब्जियां और पानी छोड़कर चले जाते हैं। यह गंदगी न केवल आसपास के क्षेत्र में हवा के माध्यम से फैलती है, बल्कि इससे प्रदूषण और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। साथ ही, पर्यावरण पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
श्री राणा ने यह भी सवाल उठाया कि प्रशासन केवल स्थानीय छोटे व्यापारियों के चालान काटने तक ही सीमित क्यों रह गया है। “क्या बाहर से आकर व्यापार करने वालों के लिए कोई कायदा-कानून नहीं है?
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम और पुलिस प्रशासन द्वारा शीघ्र ही इस पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो समिति इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी। इस विषय पर समिति की एक विशेष बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें बालकिशन शर्मा, एडवोकेट संजीव गुप्ता, डॉ. नितिन अग्रवाल, राहुल माटा, आयुष जैन, गौरव जैन, विनय प्रजापति, हेमराज अरोड़ा, विक्रम सिंह, सुमित बंसल, सुशील वाधवा, कृतिका राणा और अनुष्का राणा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।