सतर्कता बनाये रखने के लिए दिये निर्देश
देहरादून ,
जनपद देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 संजय जैन ने डेंगू कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ0 श्रुति एवं अन्य स्टाफ ड्यूटी पर तैनात मिले। उनके द्वारा सी0एम0ओ0 को जानकारी दी गयी कि विगत 1 जुलाई से डेंगू कंट्रोल रूम का संचालन प्रारम्भ किया गया था। इस अवधि में हेल्पलाइन के माध्यम से कुल 108 शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से 106 शिकायतें फॉगिंग से संबंधित थी। फॉगिंग के संबंध में नगर निगम से समन्वय स्थापित करते हुए सभी 106 शिकायतों पर कार्यवाही की जा चुकी है। चिकित्सालयों में बेड तथा लैब टेस्ट के संबंध में कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
डॉ0 संजय जैन ने कंट्रोल रूम में तैनात स्टाफ को निर्देशित करते हुए कहा कि डेंगू से संबंधित कॉल पर सतर्कता बरतें तथा शिकायतों को लेकर त्वरित कार्यवाही करने हेतु सबंधित विभाग को अविलम्ब सूचित करें। उन्होंने जनता से भी अपील की कि डेंगू के संबंध में किसी भी शिकायत एवं सहायता हेतु निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1800 180 2525 पर संपर्क करें। कंट्रोल रूम में टेस्टिंग सेंटर, चिकिसालय बेड, रक्त की उपलब्धता, परामर्श, प्लेटलेट्स की उपलब्धता, फॉगिंग से संबंतध सूचना एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है।
