देहरादून ,
Shri Guru Ram Rai University (एसजीआरआरयू) के पथरी बाग कैंपस में आयोजित जॉब उत्सव 4.0 युवाओं के लिए सुनहरा अवसर साबित हुआ। इस भव्य रोजगार मेले में 200 छात्र-छात्राओं को सफलतापूर्वक प्लेसमेंट मिला, जबकि 1000 से अधिक अभ्यर्थियों ने इसमें भाग लेकर अपने करियर को नई दिशा देने का प्रयास किया।
इस जॉब फेयर की खास बात यह रही कि इसमें अन्य विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एक दिवसीय आयोजन में आईटी, फार्मास्यूटिकल, मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर, ऑटोमोबाइल और फाइनेंस सेक्टर की 35 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया।
प्रमुख कंपनियों में ITC Limited, Tech Mahindra, Muthoot Finance, State Bank of India, HDB Financial Services, NIIT Limited, Windlas Biotech, Just Agriculture, DigiUnee और Smart Brains शामिल रहीं।
चयनित छात्र-छात्राओं को आकर्षक पैकेज पर नौकरी के अवसर प्राप्त हुए, जिससे उनके करियर की मजबूत शुरुआत सुनिश्चित हुई। प्लेसमेंट समन्वयक डॉ. मनीषा मैदुली ने बताया कि यह आयोजन छात्रों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। रोजगार मेले के दौरान कंपनियों के एचआर विशेषज्ञों ने छात्रों को इंटरव्यू की तैयारी, करियर विकल्पों और प्रोफेशनल स्किल्स पर मार्गदर्शन भी दिया।
तीन चरणों—लिखित परीक्षा, प्रस्तुतीकरण और साक्षात्कार—के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान विशेषज्ञों ने छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें भविष्य की दिशा तय करने में मदद की।
इस सफल आयोजन में विश्वविद्यालय की स्टूडेंट काउंसिल, इंडस्ट्री इंटरफेस सेल और प्लेसमेंट सेल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में सभी विभागों के डीन, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।