एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक हिमालयी राज्य में अपराधों में उत्तराखंड पहला राज्य बना
देहरादून ,
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने कहा है कि उत्तराखण्ड राज्य में लगातार हो रही महिला शोषण की घटनाओं में सत्ताधारी दल के नेताओं की संलिप्तता से भाजपा का महिला विरोधी चेहरा उजागर हो गया है। यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक हिमालयी राज्य में अपराधों में उत्तराखंड पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि आज भी उत्तराखंड की स्थिति बरकरार है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य में पिछले सात वर्ष में जितनी भी महिला शोषण की घटनायें हुई हैं उनमें भाजपा नेताओं की संलिप्तता से भाजपा का महिला विरोधी चेहरा उजागर होता है तथा भाजपा सरकारों के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के झूठे नारे की पोल खोलता है। इस अवसर पर करन माहरा ने कहा कि हरिद्वार जनपद के बहादराबाद में भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं ओबीसी आयोग के सदस्य द्वारा दलित नाबालिग युवती के साथ किये गये दुष्कर्म एवं हत्या की घटना मानवता को शर्मशार करने वाली तथा देवभूमि के गौरव को कलंकित करने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूर्व मे अंकिता भण्डारी हत्याकांड की याद ही ताजा नहीं की अपितु भारतीय जनता पार्टी का चरित्र एवं मातृशक्ति विरोधी चेहरा उजागर कर दिया है और यह घटना अपने आप में कलंकित है। इस अवसर पर करन माहरा ने कहा कि यदि भाजपा सरकार ने अंकिता भंडारी के हत्यारों को बचाने का दुष्कर्म नहीं किया होता तो आज एक मासूम की इज्जत व जान बचाई जा सकती थी, परन्तु भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हत्याकांड के सबूतों को नष्ट करने तथा हत्यारों को बचाने का प्रयास किया जिससे उसके नेताओं के हौसले बढते गये और आज फिर से राज्य की एक दलित बेटी को अपनी अस्मिता एवं जान गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में राज्य में हत्या, चोरी, डकैती, मासूमों से दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराधों की घटनाओं की बाढ जैसी आई हुई है। उन्होंने कहा कि अंकिता भण्डारी, हेमा नेगी, पिंकी हत्याकांड, चम्पावत में नाबालिग से दुष्कर्म, मंगलौर में सामूहिक दुष्कर्म, श्रीनगर गढ़वाल में युवती से बलात्कार का प्रयास, द्वाराहाट में नाबालिग दलित युवती से दुष्कर्म, देहरादून में महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म, बहादराबाद में 13 साल की मासूम के साथ सामूहिक दुष्कर्म के उपरान्त हत्या की घटनाएं मानवता को शर्मसार करने वाली तथा देवभूमि की अस्मिता को कलंकित करने वाली घटनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा नेताओं पर महिला शोषण के गंभीर आरोप लगे परन्तु कार्रवाई नहीं हुई। इस अवसर पर अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।
