कई हत्याकांडों, डकैतियों व महिला अपराधों को लेकर सरकार का पुतला जलाया – uttarakhandawaaz.in

कई हत्याकांडों, डकैतियों व महिला अपराधों को लेकर सरकार का पुतला जलाया

कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफलः कांग्रेस
देहरादून,

प्रदेश में विगत समय में हुए कई हत्याकांडों, डकैतियों, महिला अपराधों को लेकर सरकार पर कानून व्यवस्था बनाये रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर राज्य की भाजपा सरकार का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज किया। आज कांग्रेस कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में राजीव भवन में इकटठा हुए और वहां से राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एस्लेहॉल चैक पर नारेबाजी कर सरकार का पुतला जलाया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए डाक्टर गोगी ने कहा कि भाजपा सरकार अपराध काबू करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड, महिलाओं के साथ जघन्य अपराध, हाल ही में रवि बड़ोला हत्याकांड आदि कई घटनाएं साबित करती हैं कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई न होने से प्रदेश के अपराधी तो बेलगाम हैं ही, प्रदेश के बाहर से भी अपराधी आकर घटनाओं को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन पता नहीं भाजपा नेताओं के कौन से ऐसे हित हैं कि वो मौन बैठी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब इस मसले पर चुप नहीं बैठने वाली है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष पूरण सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली, प्रवक्ता सुनीता प्रकाश, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा, सुनील जायसवाल आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *