छात्राओं को मेरिट के आधार पर प्रवेश देने की मांग
देहरादून ,
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एमकेपी पीजी काॅलेज इकाई की कार्यकर्ताओं ने छात्राओं को मेरिट आधार पर प्रवेश देने की मांग को लेकर एमकेपी महाविद्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन कर हेमवती नंदन बहुगुणा केन्द्रीय विश्वविद्यालय की कुलपति अन्नपूर्णा नौटियाल का पुतला जलाया। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने बताया कि अनेकों छात्र छात्राओं ने जानकारी के अभाव में सीईयूटी की परीक्षा नहीं दी जिस कारण वे गढ़वाल विश्वविद्यालय से सम्बद्ध कॉलेज में प्रवेश लेने से वंचित हैं, जबकि प्रत्येक महाविद्यालय में 50 प्रतिशत सीट अभी रिक्त हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सीईयूटी के माध्यम से प्रवेश किया जाना पूरी तरह से गलत है और लगातार इसका विरोध किया जायेगा। वहीं पूर्व की भांति मेरिट के आधार पर प्रवेश किया जाये। उन्होंने कहा कि अभाविप मांग करती है कि छात्रों से उच्च शिक्षा का अधिकार न छीन कर गढ़वाल विश्वविद्यालय बची हुई सीटों पर पूर्व की भांति मेरिट आधार पर छात्रों को प्रवेश का अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि अन्यथा अभाविप छात्र हितों के लिए उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी महाविद्यालयों में प्रदर्शन किया जायेगा और लगातार इसके लिए रणनीति तैयार की जायेगी। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मेरिट के आधार पर छात्राओं का एडमिशन किया जाये अन्यथा आंदोलन को तेज किया जायेगा। इस अवसर पर एबीवीपी कार्यकर्ता एवं प्रतिभागी शामिल रहे।