देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ डॉक्यूमेंट्री में सामूहिक प्रयास, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत चित्रण किया गया है। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन उत्तराखंड के इतिहास में एक प्रेरणादायक अध्याय बन चुका है, जिसमें सभी एजेंसियों, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने अभूतपूर्व समन्वय के साथ कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से लोग इस ऐतिहासिक अभियान में न केवल तकनीकी क्षमता बल्कि राज्य के जज़्बे की भी झलक देखेंगे। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उत्तराखंड की ‘संकल्प और सेवा’ की भावना का प्रतीक है और युवा पीढ़ी को कठिन परिस्थितियों में धैर्य, साहस और कर्मनिष्ठा का संदेश देगी।
इस अवसर पर डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक ऋषभ कोहली ने बताया कि यह फिल्म सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित है, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस ऐतिहासिक बचाव अभियान की कहानी को विस्तार से प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री केवल तकनीकी चुनौतियों और मानव जुझारूपन को ही नहीं दर्शाती, बल्कि उत्तराखंड की जड़ों, भावनाओं और नेतृत्व की सच्ची तस्वीर भी सामने लाती है। फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड में ही की गई है और यह शीघ्र ही एक बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी।
कार्यक्रम में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के सीईओ बंशीधर तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार अनुपम त्रिवेदी, उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के चेयरमैन शादाब शम्स, फिल्म के निर्देशक ऋषभ कोहली, उनके पिता एवं वरिष्ठ पत्रकार नीरज कोहली सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।