हरिद्वार ,
वार्षिक परीक्षा समाप्ति के पश्चात विभिन्न अवकाश एवं वीकेंड के कारण आगामी सोमवती अमावस्या पर्व में हरिद्वार में भारी भीड़ होने की आशंका है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच 08 अप्रैल को होने वाले सोमवती अमावस्या स्नान की व्यवस्थाओं को लेकर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने आज पुलिस कार्यालय रोशनाबाद के सभागार में जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों व सिटी क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में एसएसपी द्वारा चुनाव के बीच पड़ने वाले इस सोमवती अमावस्या स्नान को चुनौती पूर्ण बताते हुए मेले की पूर्ण तैयारियों को लेकर चर्चा की गई तथा समय से सारी तैयारियां पूर्ण करने हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया। स्नान पर्व हेतु जनपद में आने जाने वाले वाहनों के लिए समय से रूट प्लान तैयार करने व पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने हेतु एसपी ट्रैफिक को निर्देशित किया गया। इस दौरान एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव के लिए चल रही तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए सभी बिन्दुओं पर पुख्ता सूचना संग्रहित कर तैयारी को अन्तिम रूप देने के निर्देश दिए।
