पुलिस ने लाठी समेत दो पर किया आम्र्स एक्ट में मुकदमा, बंदूक जब्त
हरिद्वार ,
भीम आर्मी का सोनू लाठी को दोस्त के विवाह में बंदूक और पिस्टल लहराते हुए डांस का वीडियो सोशल मीडिया में डाल कर प्रदर्शन करना महंगा पड़ गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सोनू और बदूक लाईसेंस धारक के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज करते हुए बंदूक जब्त कर ली। पुलिस पिस्टल के सम्बंध में लाठी से पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया में एक युवक अपने हाथों में बंदूक और पिस्टल लेकर हवा में लहराते हुए डांस करने का वीडियो वायरल हो रहा था। एसएसपी ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस को वीडियो की जानकारी जुटाते हुए मामला दर्ज करने के निर्देश दिये गये थे। पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की तो पता चला कि वीडियो रूड़की क्षेत्र का हैं, जो युवक बंदूक और पिस्टल हवा में लहराते हुए डांस करता नजर आ रहा है। वह भीम आर्मी का सोनू लाठी निवासी ढंढेरा कोतवाली रूड़की का है, डांस वाला वीडियो उसके दोस्त की शादी का है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए डांस करने वाले सोनू लाठी और बंदूक का लाईसेंस धारक पुरूषोत्तम सिंह पुत्र मूला सिंह निवसी ढंढेरा कोतवाली रूड़की के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए बंदूक को जब्त कर लिया। पुलिस सोनू लाठी से पिस्टल के सम्बंध में जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ कर रही है।