कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों के नेताओं पर लक्षित कार्रवाई का किया विरोध

केंद्रीय एजेंसियों को भाजपा नेताओं का भ्रष्टाचार नहीं दिखताः गोगी
देहरादून ,

देशभर में कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों के नेताओं को लक्षित कर की जा रही कार्रवाई का विरोध करते हुए कांग्रेस महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि विरोध की आवाज को दबाने के लिए विपक्ष की मुखर आवाजों को एक एक करके टारगेट किया जा रहा है। आज कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग हर तरीके की अनुचित गतिविधियों में लिप्त हैं पर केंद्रीय एजेंसियों को उनका भ्रष्टाचार नहीं दिखता। उन्होंने कहा कि विपक्ष को नाहक नोटिस जांच इत्यादि के नाम पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात है कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, शुभेंदु अधिकारी, जितेंद्र तिवारी, अजित पवार, मुकुल रॉय सहित अन्य कई भ्रष्टाचार के आरोपी नेताओं की लम्बी फेहरिस्त है जो जब तक तो विपक्ष में थे। उन्होंने कहा कि तभी तक भ्रष्टाचारी थे भाजपा या भाजपा गठबंधन में शामिल होते ही उन्हें भ्रष्टाचार उन्मूलक वाशिंग मशीन से नहलाकर पाप मुक्त कर दिया गया है तथा सीबीआई और ईडी जैसी केन्द्रीय ऐजेंसियों को आगे की कार्रवाई न करने के सख्त निर्देश दिये गये हैं। इस अवसर पर डाक्टर गोगी ने उदाहरण देते हुए कहा कि असम में कांग्रेस की तरुण गोगोई सरकार में मंत्री रहते हुए हेमन्त बिस्वा सरमा पर शारदा चिटफंड घोटाले में सीबीआई ने केन्द्र की भाजपा सरकार के इशारे पर सरमा पर आरोप लगाया था कि शारदा ग्रुप से 20 लाख रुपए हर महीने लिए है। उन्होंने कहा कि इस मामले के तहत सीबीआई ने अंतिम बार सरमा से 27 नवंबर 2014 को पूछताछ की थी तथा हेमंत बिस्वा सरमा के अगस्त 2015 में बीजेपी ज्वॉइन करते ही सीबीआई ने उनकी फाइल बंद कर दी। उन्होंने कहा कि ऐसे अनेक मामले हैं। उन्होंने कहा कि अदालत में चल रहा केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की फर्जी डिग्री का मामला हो, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के समय का व्यापम घोटाला हो, भाजपा आकण्ठ भ्रष्टाचार में डूबी है पर उसे अपने अपराध नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि लेकिन इन हथकंडों से कांग्रेस झुकने वाली नहीं है। केंद्रीय स्तर से लेकर गांव-गांव तक, भाजपा की इस तानाशाही और दोहरे चरित्र का विरोध और पर्दाफाश किया जाएगा। इस अवसर पर डाक्टर गोगी ने कहा कि केन्द्र सरकार की गड़बड़ियों को उजागर करने का कांग्रेस का संघर्ष किसी भी तरीके से कम नहीं होने वाला है। इस अवसर पर अनेकों कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *