देहरादून ,
जिले में राशन वितरण प्रणाली में सुधार किये जाने एवं अन्य समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकताओं ने जोरदार नारेबाजी के बीच जिला पूर्ति अधिकारी के कार्यालय में प्रदर्शन किया। आज कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एकत्रित हुए और वहां से जुलूस की शक्ल में महानगर अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में डिस्पेंसरी रोड स्थित जिला पूर्ति अधिकारी के कार्यालय के बाहर पहुंचे और वहां पर नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को व्यवस्था को तत्काल सुधारने की मांग करते हुए एक ज्ञापन दिया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष डाक्टर जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि पूर्व में जब कांग्रेस की सरकार थी तो राज्य के एपीएल कार्ड धारकों को 10-10 किलो गेहूं और चावल दिया जा रहा था परंतु जब से भाजपा की सरकार आई है, उसको बंद कर दिया गया है। अब मात्र साढ़े सात किलो चावल दिया जा रहा है जो कि एक परिवार के लिए बिल्कुल ही अपर्याप्त है। उन्होंने कहा कि पूर्व में राशन की दुकानों में चीनी भी दी जाती थी जो बंद कर दी गयी है। इसके अलावा राशन में कोई भी अन्य सामग्री किफायती दरों पर नहीं दी जा रही है जिससे जनता महंगाई से और अधिक त्रस्त है। उन्होंने कहा कि राशन की दुकानों पर गेहूं चावल के अलावा कोई अन्य सामग्री नहीं दी जा रही है जबकि महंगाई आज अपने चरम पर है । उन्होंने कहा कि रिफाइंड तेल हो, सरसों का तेल, दालें, मसाले और अन्य खाद्य वस्तुएं जिनके दाम आसमान छू रहे हैं ऐसी चीजों को राशन की दुकानों पर पूर्ववत की भांति दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर डाक्टर गोगी ने प्रश्न उठाया कि जब पूरी पारदर्शिता के साथ राशन वितरण किया जा रहा है सिस्टम बायोमेट्रिक हो चुका है और अंगूठा लगने के बाद ही राशन दिया जाता है तो राशन डीलरों का कमीशन महीनों लंबित रख कर उनका उत्पीड़न क्यों किया जा रहा है। आज 10-15 महीने गुजर जाने के बाद भी उनका उनका कमीशन नहीं दिया गया है और उनसे फ्री में राशन बंटवाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव नवीन जोशी, मनीष नागपाल, प्रदेश प्रवक्ता आशीष नौटियाल, प्रवक्ता सुनीता प्रकाश, पूनम कंडारी, पार्षद रमेश कुमार मंगू, सचिन थापा, ईतात खान, मुनिक अहमद, राजेश पुण्डिर, मौहम्मद फारूख आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।