कर्मचारियों ने मुख्य डाकघर घंटाघर पर प्रदर्शन कर धरना दिया
देहरादून ,
अपनी विभिन्न मांगों के समाधान के लिए अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ एवं अन्य संगठनों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल आरंभ कर दी है। कर्मचारियों ने मुख्य डाकघर घंटाघर पर प्रदर्शन कर धरना दिया। अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ, अखिल भारती ग्रामीण डाक सेवक संघ, अखिल भारतीय ग्रामीण ईडी डाक सेवक संघ से जुडे़ हुए कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों के समाधान के लिए अनिश्चितकालीन हड़ताल आरंभ कर दी है। इस दौरान केन्द्र सरकार एवं विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी के बीच कर्मचारी धरने पर बैठ गये। इस अवसर पर परिमंडलीय सचिव जगदीश सिंह रावत ने बताया कि पीजेसीए के आहवान पर देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल आरंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि एईजीडीएसयू एवं एनयूजीडीएस के केन्द्रीय संघ के द्वारा अवगत कराया गया है कि विभाग के द्वारा कमलेा चन्द्र की सकारात्मक सिफारिशों को आज दिन तक पूर्ण रूप से लागू न किये जाने एवं विभिन्न समस्याओं का समाधान न होने के कारण आज से देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि जितने भी नये डाक सेवकों की नियुक्ति हुई है उन सभी नव नियुक्त ग्रामीण डाक सेवक सदस्यता फार्म भरकर अपनी सदस्यता ग्रहण कर इस देशव्यापी हड़ताल में प्रतिभाग करें। इस अवसर पर अनेकांे डाक सेवक कर्मचारी शामिल रहे।
