श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में खेलोत्सव-2026 का भव्य आगाज, 5000 से अधिक विद्यार्थी दिखाएंगे दमखम – uttarakhandawaaz.in

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में खेलोत्सव-2026 का भव्य आगाज, 5000 से अधिक विद्यार्थी दिखाएंगे दमखम

28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक होंगी 15 खेल प्रतियोगिताएं, योग में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता सुमीर ने प्रज्ज्वलित की खेल मशाल

देहरादून ,

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता खेलोत्सव-2026 का बुधवार को विश्वविद्यालय के खेल मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस खेल महोत्सव में 5000 से अधिक छात्र-छात्राएं 15 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट पूजनीय श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं और आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन की कामना की।

उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के एनसीसी बैंड, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स तथा सभी 11 संघटक स्कूलों के प्रतिनिधियों ने अनुशासित परेड प्रस्तुत कर खेल भावना, एकता और अनुशासन का संदेश दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने खेलोत्सव के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। खेलोत्सव के चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी, सचिव डॉ. एसपी जोशी और योग में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता छात्र सुमीर ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर डॉ. वाणी शर्मा ने श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज का संदेश एवं आशीर्वचन खिलाड़ियों के समक्ष प्रस्तुत किए। एनसीसी की 11 यूके बटालियन के अंडर ऑफिसर आदर्श भंडारी और अंडर ऑफिसर नीलम ने कैडेट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। वहीं, कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा एवं राष्ट्रीय स्तर की रजत पदक विजेता दिव्या रावत ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।

कुलपति प्रो. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना भी है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और क्षमताओं को निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पूरे उत्साह और समर्पण के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास है।

विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों की ऊर्जा, प्रतिभा और सामूहिक सहभागिता का उत्सव है। शिक्षा के साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में सहयोग, नेतृत्व, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

उद्घाटन समारोह में गढ़वाली लोक संगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, योग के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक संतुलन का संदेश दिया। विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों ने खेल मशाल के साथ ट्रैक का चक्कर लगाकर समारोह के उत्साह को और बढ़ाया।

कार्यक्रम का संचालन आकृति रावत एवं यश मदान ने किया, जबकि खेलोत्सव के सचिव डॉ. एसपी जोशी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

खेलोत्सव-2026 के माध्यम से विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना को मजबूत करना है। अगले छह दिनों तक चलने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *