1 और 2 नवंबर को प्रस्तावित दौरे के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली-पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश
देहरादून ,
राष्ट्रपति के 1 और 2 नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति और साफ-सफाई तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
सभी विभाग अलर्ट मोड पर रहें
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट मोड पर रहें। निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश भी दिए।
आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाएं तैयार रखने के निर्देश
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त एंबुलेंस और आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रहें।
निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करें
राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान विद्युत और पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाओं की अग्रिम जांच करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित व्यवधानों से निपटने के लिए विभाग पहले से तैयार रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
भ्रमण मार्गों पर साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम
जिलाधिकारी ने नगर निकायों और संबंधित विभागों को राष्ट्रपति के भ्रमण मार्गों तथा कार्यक्रम से जुड़े स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने तैयारियों की नियमित निगरानी करने और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मिता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
