हल्द्वानी ,
उत्तराखंड से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश आर्य को नैनीताल-उधम सिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि दिनेश आर्य का संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा, निरंतर परिश्रम और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और जनहित से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका सराहनीय रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्यसभा सांसद के रूप में दिनेश आर्य उत्तराखंड की जनआकांक्षाओं, जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएंगे। साथ ही, प्रदेश के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
अजय भट्ट ने दिनेश आर्य के सफल, सार्थक और उपलब्धियों से परिपूर्ण संसदीय कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि वे मां भारती की सेवा और देवभूमि उत्तराखंड की प्रगति के लिए निरंतर योगदान देते रहें।