मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का किया विमोचन – uttarakhandawaaz.in

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का किया विमोचन

पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा—जनता और सरकार के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है मीडिया

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्मारिका के प्रकाशन पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्मारिकाएं किसी संस्था की गतिविधियों, उपलब्धियों, विचारों और सामाजिक सरोकारों को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं। ‘गुलदस्ता’ के माध्यम से पत्रकारिता जगत के विभिन्न पहलुओं के साथ उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को एक स्थान पर प्रस्तुत करने का प्रयास सराहनीय है।

उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि मीडिया समाज को जागरूक करने के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में भी मीडिया का योगदान महत्वपूर्ण है। पत्रकार समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं, उपलब्धियों और सरोकारों को सामने लाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के राज्य आंदोलन, राज्य निर्माण और प्रदेश की वर्तमान विकास यात्रा में पत्रकारिता जगत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आज राज्य तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। पर्यटन, संस्कृति, पर्यावरण, स्थानीय प्रतिभाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अहम है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मीडिया सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है तथा सकारात्मक एवं तथ्यपरक पत्रकारिता प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में सहायक होती है।

इस अवसर पर उत्तराखंड प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और स्मारिका ‘गुलदस्ता’ के प्रकाशन से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी निरंतर कार्य करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *