पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू – uttarakhandawaaz.in

पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू

8 से 10 अक्टूबर तक बूथ स्तर पर अभियान, 12 से 20 अक्टूबर तक होगा घर-घर सत्यापन

देहरादून ,

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए देहरादून जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक तीन दिनों तक बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान ऐसे भारतीय नागरिक, जो पात्र होने के बावजूद मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह गए हैं, उन्हें नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. आशीष चौहान ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को अभियान के दौरान पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ टेबल-टॉप बैठक आयोजित की जाए और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को अभियान की प्रक्रिया, उनके दायित्व और निर्धारित समय-सारणी की स्पष्ट जानकारी दी जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर घर-घर सत्यापन तक प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। प्राप्त आवेदनों और फॉर्म-6 की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए क्षेत्रवार और बूथवार प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करते हुए प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *