विधायक बृज भूषण गैरोला ने किया शिविर का शुभारंभ, एसीएमओ डॉ. हितेश शर्मा ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा
डोईवाला,
विकासखंड डोईवाला परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से आमजन को सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ सेवाओं तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित सुविधाएं प्रदान की गईं।
शिविर का शुभारंभ डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी भी मौजूद रहे। विधायक ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून डॉ. हितेश शर्मा ने भी शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य स्टॉलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाएं व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
163 लोगों को ओपीडी परामर्श
शिविर में सामान्य ओपीडी के माध्यम से 163 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं 75 लोगों की NCD स्क्रीनिंग, RKSK के तहत 60 तथा RBSK के तहत 55 लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा 50 लोगों की TB स्क्रीनिंग और 40 लोगों की X-Ray जांच की गई।
फैमिली प्लानिंग कार्यक्रम के तहत 48 तथा ANC के तहत 12 लाभार्थियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और परामर्श दिया गया। वहीं 13 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
शिविर में नेत्र, ENT एवं अस्थि रोग से संबंधित विशेषज्ञ सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही दो दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी किए गए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला की चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल टीम के साथ विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवाएं दीं। टीम ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, जांच और विभागीय योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई।
स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाने में सहायक
चिकित्सा अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला डॉ. प्रताप सिंह रावत ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए विधायक बृज भूषण गैरोला, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, एसीएमओ डॉ. हितेश शर्मा सहित सभी चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में सहायता मिलती है।
