जन सेवा केंद्रों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, चार CSC केंद्र सील – uttarakhandawaaz.in

जन सेवा केंद्रों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, चार CSC केंद्र सील

देहरादून ,

जन सेवा केंद्रों (CSC) में अनियमितताओं के खिलाफ देहरादून जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर प्रशासन की टीम ने जनपद के विभिन्न CSC केंद्रों का औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की।

जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर चार जन सेवा केंद्रों को मौके पर ही सील कर दिया गया। इसके अलावा कई केंद्रों से कंप्यूटर, CPU और लैपटॉप प्रशासन ने अभिरक्षा में लिए हैं।

चार CSC केंद्र सील

औचक निरीक्षण के दौरान निम्न केंद्रों पर कार्रवाई की गई—

  • शादमान — CSC ID: 353233270019
  • हनी रमन — CSC ID: 554776230016
  • करन वर्मा — CSC ID: 626776760018
  • प्राची कौशिक — CSC ID: 727124560013

प्रशासन के अनुसार, जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर इन केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सील किया गया।

कंप्यूटर और लैपटॉप अभिरक्षा में

निरीक्षण के दौरान शादमान, पूनम खन्ना और करन वर्मा के केंद्रों से CPU प्रशासन ने अभिरक्षा में लिए। वहीं पारुल बंसल और प्राची कौशिक के केंद्रों से लैपटॉप भी कब्जे में लिए गए।

इसके अलावा पवन फर्स्वाण के जन सेवा केंद्र में मिली कमियों के आधार पर उनकी CSC ID 543342670011 निरस्त करने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।

पूनम खन्ना (CSC ID 317574420015) के केंद्र पर मिली कमियों को लेकर उन्हें कड़ी चेतावनी जारी की गई है। वहीं पारुल बंसल (CSC ID 252619240013) के केंद्र पर मिली अनियमितता के बाद उनका लैपटॉप प्रशासन ने अभिरक्षा में लिया है।

आगे भी जारी रहेगा औचक निरीक्षण

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जन सेवा केंद्रों के माध्यम से आमजन को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, इसलिए इनके संचालन में निर्धारित मानकों और नियमों का पालन अनिवार्य है। लापरवाही, अनियमितता या अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने कहा कि CSC केंद्रों का औचक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेंद्र सिंह सहित तहसील एवं पुलिस की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *