मुख्यमंत्री ने सुनीं प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश – uttarakhandawaaz.in

मुख्यमंत्री ने सुनीं प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े प्रकरण मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला अथवा विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। अधिकारियों को अपने स्तर पर जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करना चाहिए।

जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन-प्रशासन के प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और नियमानुसार उनका यथाशीघ्र समाधान किया जाए।

उन्होंने कहा कि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरकारी कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाना जरूरी है।

सीएम हेल्पलाइन-1905 और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ को बनाया जा रहा प्रभावी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन शिकायतों के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जा रहा है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के साथ ही पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का निस्तारण करने के साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया है।

17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के शिविरों के साथ स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

शिकायतों की मॉनिटरिंग के साथ वास्तविक राहत सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि समाधान केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिले।

उन्होंने शासन, जिला प्रशासन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं के समाधान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए लोगों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों से मिले मुख्यमंत्री

जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री से ‘9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी भेंट की। प्रतियोगिता का आयोजन 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक पटाया, चोनबुरी, थाईलैंड में हुआ था।

प्रतियोगिता में उत्तराखंड के मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *