देहरादून में 13 सितंबर को UPSC की CDS, NDA एवं NA परीक्षाएं

54 परीक्षा केंद्रों पर 21,798 अभ्यर्थी होंगे शामिल, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

देहरादून,

 संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आगामी 13 सितंबर 2026 (रविवार) को कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS), नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) एवं नेवल एकेडमी (NA) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जनपद देहरादून में इन परीक्षाओं के लिए 54 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षाओं के सफल, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संचालन को लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को UPSC द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा से संबंधित सीलबंद बॉक्स प्राप्त होने के बाद प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्राप्त बॉक्स का विवरण एवं संख्या निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से एक दिन पूर्व परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में आयोग के अधिकारियों ने परीक्षा आयोजन से संबंधित दिशा-निर्देशों एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि CDS परीक्षा में 8,001 तथा NDA एवं NA परीक्षा में 13,797 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

CDS परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 9 से 11 बजे, द्वितीय पाली 12:30 से 2:30 बजे तथा तृतीय पाली शाम 4 से 6 बजे तक होगी।

वहीं NDA एवं NA परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10 से 12:30 बजे तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 से 4:30 बजे तक संपन्न होगी।

अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर UPSC के निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा प्रक्रिया के दौरान विशेष सतर्कता बरतते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *