फैकल्टी डेवलपमेंट के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर
देहरादून ,
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज (SGRRIM&HS) में नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) द्वारा स्वीकृत तीन दिवसीय “बेसिक कोर्स इन मेडिकल एजुकेशन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम 31 अगस्त से 02 सितंबर 2026 तक मेडिकल एजुकेशन विभाग द्वारा मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्रीय कार्यालय, हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर SGRRIM&HS के निदेशक डॉ. नीलकमल कुमार ने सभी फैकल्टी सदस्यों एवं विशेषज्ञों का स्वागत किया।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. उत्कर्ष शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मेडिकल छात्र-छात्राओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य नेशनल फैकल्टी डेवलपमेंट को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में SGRRIM&HS के 28 तथा रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय के गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय के 2 फैकल्टी सदस्यों सहित कुल 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ विशेषज्ञों ने मेडिकल शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिए और प्रतिभागी फैकल्टी सदस्यों का ज्ञानवर्धन किया। प्रश्नोत्तर सत्र में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम में डॉ. अंजली चौधरी, डॉ. निधि जैन, डॉ. पुनीत ओहरी, डॉ. राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, डॉ. मेघा लूथरा, डॉ. वैशाली धनंजय, डॉ. आलोक वर्धन माथुर, डॉ. ललित कुमार, डॉ. रोबिना मक्कड़, डॉ. सुलेखा नौटियाल एवं डॉ. धनंजय श्रीकांत ने विभिन्न मेडिकल शिक्षण विषयों पर व्याख्यान दिए।
SGRRIM&HS के मेडिकल एजुकेशन विभाग के समन्वयक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. पुनीत ओहरी ने कहा कि “बेसिक कोर्स इन मेडिकल एजुकेशन” जैसे कार्यक्रम मेडिकल कॉलेजों के फैकल्टी सदस्यों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के अनुरूप प्रशिक्षित करने में सहायक होते हैं। इससे मेडिकल छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षा प्रदान करने में भी लाभ मिलता है।
यह कार्यक्रम हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज से आई नेशनल मेडिकल कमीशन की पर्यवेक्षक डॉ. किरण भट्ट के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र वर्मा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सह-समन्वयक डॉ. अंजली चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।