देहरादून ,
स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड देहरादून में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ ने ध्वजारोहण कर सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने चयनित पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’, प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ एवं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और सभी सम्मानित पुलिस कर्मियों को बधाई दी।
अपने संबोधन में DGP दीपम सेठ ने प्रदेशवासियों एवं पुलिस परिवार को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पावन दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर आजादी के नायकों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करने का अवसर देता है, जिनके त्याग, साहस और बलिदान के कारण आज हम एक स्वतंत्र राष्ट्र के नागरिक हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और उनके बलिदानों से प्रेरणा लेकर पुलिस बल को देश और प्रदेश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा जनसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।