पेयजल योजनाओं के नियमित संचालन और रखरखाव पर विशेष जोर, CM धामी ने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा

15,540 गांवों तक पहुंचा हर घर नल से जल, 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को मिल चुका है कनेक्शन

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में जल जीवन मिशन की प्रगति, वित्तीय स्थिति, योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव तथा आगामी कार्ययोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति, ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की पहुंच एवं सत्यापन, जल गुणवत्ता, वित्तीय प्रबंधन और योजनाओं के नियमित संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने हर घर को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा शेष पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित समयसीमा में नल कनेक्शन से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल नल कनेक्शन की संख्या तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक घर तक नियमित, पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। पूरी हो चुकी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन भी कराने के निर्देश दिए गए।

योजनाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन एवं लंबित पेयजल योजनाओं के मिशन मोड में निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए जिलाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तेजी से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही पेयजल स्रोतों के संरक्षण एवं जल संसाधनों के उचित उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जनपद में जलापूर्ति संबंधी तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था विकसित करने तथा योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए पर्याप्त एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने योजनाओं के निर्माण, समयसीमा और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही निर्धारित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि राज्य में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कुल 16,555 योजनाओं में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। राज्य की औसत प्रगति 92.46 प्रतिशत है, जबकि 1,015 योजनाएं प्रगति पर हैं।

14.20 लाख ग्रामीण परिवारों तक पहुंचा नल से जल

ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की पहुंच की समीक्षा के दौरान बताया गया कि राज्य में 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं।

वहीं, 14,979 गांवों में से 9,796 गांवों में हर नल से जल का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। बैठक में जलापूर्ति की नियमितता और योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उपाध्यक्ष, अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव पेयजल रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव रोहित मीणा, झरना कमठान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *