मुख्यमंत्री धामी 15 अगस्त को करेंगे ध्वजारोहण, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
देहरादून ,
80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल कराई गई। 15 अगस्त की सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच पर ध्वजारोहण करेंगे। जिलाधिकारी सविन बंसल ने रिहर्सल के दौरान तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने परेड ग्राउंड में की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम तथा अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जांच की।
समारोह में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, महानुभावों एवं गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सुरक्षा, यातायात संचालन, विद्युत आपूर्ति, राजकीय कार्यक्रम तथा पेयजल समेत सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी माइक्रो प्लानिंग के तहत अपनी तैयारियां पूरी करें और यह सुनिश्चित करें कि समारोह स्थल पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न रहे।
स्वतंत्रता सेनानियों और विभूतियों को किया जाएगा सम्मानित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित करेंगे। जिलाधिकारी ने पुलिस परेड स्थल समेत सभी प्रमुख व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं और समारोह में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
15 अगस्त से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त से पूर्व 14 अगस्त को विधानसभा एवं विभिन्न विभागों में होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रमों की भी सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
नगर निगम परिसर में होगा शाम-ए-गजल कार्यक्रम
जिलाधिकारी ने बताया कि नगर निगम परिसर में शाम को एक विशेष कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम को कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को अंतिम चरण के कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सविता शर्मा, संयुक्त मजिस्ट्रेट कुणाल गोयल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, एसपी देहात अमित श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक मुकेश कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।